x
विकासनगर। डांडापुर, हसनपुर और शीशमबाड़ा में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण शुक्रवार को मित्सुबिशी एलेवेटर इंडिया प्राइवेट लि. के उत्तरी भारत के शाखा प्रमुख पंकज नारंग ने किया। सीडीपीओ अंजू बडोला ने बाल विकास एवं प्रारंभिक शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में मित्सुबिशी एलेवेटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं पंख संस्था द्वारा दिए गए योगदान की सराहना की और दोनों संस्थाओं को प्रशंसा-पत्र भी प्रदान किया। कार्यक्रम में पंख संस्था की ओर से संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आरती थापा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला हैं। बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्षों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षित एवं आनंददायक सीखने का वातावरण उपलब्ध कराना एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है।परियोजना के अंतर्गत तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के अनुकूल आकर्षक भित्ति चित्रों, उन्नत अधोसंरचना, आयु-उपयुक्त शिक्षण-अधिगम सामग्री, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा की आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शकुंतला देवी, एलेवेटर इंडिया के कार्यकारी निदेशक सुरेंद्र कुमार, कार्यक्रम प्रबंधक रजत शर्मा, मानव संसाधन एवं प्रशासन प्रमुख ममता थापा आदि मौजूद रहे।


