अल्मोड़ा। नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2.50 लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को भतरौजखान पुलिस और सर्विलांस टीम ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार पांच जुलाई 2024 को ग्राम रूदबो, भतरौजखान निवासी भगत सिंह नेगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुरेश सिंह नेगी ने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.50 लाख की ठगी की है। शिकायत के आधार पर थाना भतरौजखान में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने न्यायालय से उसे फरार घोषित कराने के साथ ही कुर्की की कार्रवाई कराई और गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किया। इसके बाद थाना भतरौजखान और सर्विलांस टीम लगातार तकनीकी विश्लेषण और सुरागरसी के जरिए उसकी तलाश में जुटी रही। सोमवार को पुलिस टीम ने अमरोहा रेलवे स्टेशन से आरोपी सुरेश सिंह नेगी (49) निवासी पाण्डेकोटा, थाना रानीखेत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह, अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान और हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।


