Latest Posts

बारिश के बीच भी डीडीए के खिलाफ दिया धरना


अल्मोड़ा। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। भारी बारिश के बावजूद विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना देकर सरकार और डीडीए के खिलाफ नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए समिति के संयोजक एवं निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि डीडीए को समाप्त करने की मांग को लेकर वर्षों से आंदोलन चल रहा है, लेकिन सरकार लगातार इसकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर केवल टालमटोल कर रही है, जबकि जनहित में इस अव्यावहारिक व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण के गठन के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति बढ़ने के बजाय लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। भवन निर्माण और नक्शा स्वीकृति जैसी प्रक्रियाएं जटिल और खर्चीली हो गई हैं, जिससे आम जनता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार के रवैये को जनविरोधी बताते हुए कहा कि यदि जल्द ही डीडीए को समाप्त नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग दोहराई और सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। धरने में हेम चंद्र तिवारी, ललित मोहन पंत, अख्तर हुसैन, हेम चंद्र जोशी, लक्ष्मण सिंह ऐंठानी, चंद्रमणि भट्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.