अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए मंगलवार से जिला स्तरीय ट्रायल शुरू हो गए। तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया के माध्यम से जनपद के 150 बालक और 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। खेल निदेशालय उत्तराखंड के तत्वावधान और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित ट्रायल 4 से 6 अगस्त तक चलेंगे। योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। प्रत्येक आयु वर्ग में 25 बालक और 25 बालिकाओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। जिला स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करने से पहले खिलाड़ियों का चयन न्याय पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका और विकासखंड स्तर पर किया गया। पहले दिन 11 विकासखंड, एक नगर निगम और एक नगर पालिका क्षेत्र से चयनित 280 से अधिक बालक-बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का आकलन 30 मीटर दौड़, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, फॉरवर्ड बेंड रीच, 6×10 शटल रन, मेडिसिन बॉल पुट और 600 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं के आधार पर किया गया। ट्रायल के संचालन के लिए खेल विभाग के प्रशिक्षकों और निर्णायकों की टीम तैनात की गई है। चयनित खिलाड़ियों को नियमित छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर दिया जाएगा।


