अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड प्रकाश चन्द्र दुम्का की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और दावों एवं आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे 13 अगस्त से पहले निर्धारित प्रपत्र ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से जमा करें। साथ ही सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की भी अपील की, ताकि दावों और आपत्तियों का त्वरित निस्तारण किया जा सके। बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची में नाम संबंधी विसंगतियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम, लिपिकीय त्रुटियों तथा अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान को लेकर अपने सुझाव रखे। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों को दूर करने में राजनीतिक दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


