Latest Posts

हवालबाग में पंच सम्मेलन आयोजित, ग्रामीण रोजगार मिशन से जोड़ने का आह्वान


अल्मोड़ा। विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार करने में ग्राम पंचायतों की भागीदारी मजबूत बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड हवालबाग सभागार में विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों को मिशन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वीबी-जी राम जी मिशन की विस्तृत जानकारी दी गई। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में ग्रामीण भारत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मिशन ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराएगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों, उप-प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को इससे जोड़ने की अपील की। सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि यह फ्लैगशिप योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने तथा कृषि एवं उससे जुड़े व्यवसायों को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम में सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश कनवाल एवं कमल किशोर चम्याल, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेन्द्र नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेन्द्र मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.