रुद्रपुर। पटाखे की चिंगारी से खेत में रखी पराली में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाकर दो झोपड़ियों को जलने से बचा लिया। साथ ही चार ट्राली पराली भी जलने से बचा ली। खेतलसंडा मुस्ताजर बूढ़ाबाग में रामी चंद के खेत में मंगलवार को अचानक पराली में आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने वाटर टेंडर और होजरील की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। खेत में पांच से छह ट्राली पराली रखी थी, जिसमें से चार ट्राली पराली जलने से बचा ली गई।खेत के बगल में बनी दो झोपड़ियों को भी फायर कर्मियों ने सुरक्षित बचा लिया। आसपास से आई पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग बुझाने वाली टीम में फायरमैन देवेंद्र गिरी, विक्रम भंडारी, फायरवुमन रंजना खर्कवाल, सीमा धामी, आशा भट्ट और चालक कमल सिंह सामंत शामिल थे।


