Latest Posts

मंडलायुक्त ने उच्च स्तरीय समिति की बैठक में की कुंभ की तैयारियों की समीक्षा


  • हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी से जुटे रहने और विभागीय समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों, निर्माण कार्यों की प्रगति और मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कार्यदायी संस्थाएं स्वीकृत कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिए जाने पर जोर देते हुए इनके लिए आवश्यक संसाधनों की मौके पर हर समय पर्याप्त उपलब्धता तथा नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
    मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेले के लिए विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाएं समय पर तैयार होना आवश्यक है। इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों की प्रगति का निरन्तर आकलन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तय समय पर काम पूरा करें। जहां अतिरिक्त श्रमिकों, मशीनरी अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता है, वहां उनकी समय रहते व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सामने आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करें, ताकि तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।घाटों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि गंग नहर की क्लोजर अवधि में कराए जाने वाले कार्यों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ श्रमिकों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाए, ताकि कार्य शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी के कारण समय नष्ट न हो।उन्होंने घाटों, पुलों ओ सड़कों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए निरंतर काम करने पर जोर दिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संख्या में संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध अभी से कर लिए जाएं। कार्यों की प्रकृति और समयसीमा के अनुरूप श्रमिकों एवं संसाधनों की व्यवस्था बनाए रखी जाए, जिससे निर्माण कार्यों की गति निरंतर बनी रहे।उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने और प्रगति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर प्रभावी निगरानी और समन्वय से ही सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जा सकेंगे।
    बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों एवं संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाते हुए कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरे कराए जा सकें और मेले के आयोजन से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रहें।
    बैठक में आईजी (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित, एसएसपी (कुंभ) श्री आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी श्री दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता श्री मनोज भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी श्री आकाश जोशी एवं श्री मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.