अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर मंगलवार को थाना धौलछीना पुलिस दुर्गम बेलवाल गांव में करीब 7-8 किलोमीटर पैदल पहुंची और ग्रामीणों के बीच थाना दिवस का आयोजन किया। इस दौरान थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न अपराधों से बचाव तथा सुरक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम धोखाधड़ी, फिशिंग और अनजान लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी दी। ग्रामीणों से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने तथा ओटीपी एवं बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और मजबूत पासवर्ड रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को महिला एवं बाल अपराध, बाल विवाह और नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की जानकारी भी दी गई। इस दौरान गांव में ग्राम सुरक्षा समिति का पुनर्गठन किया गया और ग्रामीणों को गांव की सुरक्षा तथा अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने गांव में रहने वाले 92 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक गोपाल सिंह मलवाल तथा पुलिस विभाग में नियुक्त एक कर्मचारी की माताजी से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।


