Latest Posts

भाजपा अल्मोड़ा के शक्ति केंद्रों में तीन दिन होंगे राज्य स्थापना दिवस सम्मेलन: महेश नयाल


अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से अल्मोड़ा सांगठनिक जिले के सभी 15 मंडलों के 120 शक्ति केंद्रों में 13 से 15 नवंबर तक राज्य स्थापना दिवस सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष, पृथक उत्तराखंड के निर्माण में पार्टी की भूमिका और राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित होने वाले सम्मेलनों में जिला एवं मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इनमें स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न शक्ति केंद्रों में वक्ता के रूप में मौजूद रहकर राज्य निर्माण और विकास से जुड़े विषयों की जानकारी देंगे। महेश नयाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य की वर्षों पुरानी मांग को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 9 नवंबर 2000 को साकार किया गया। भाजपा ने राज्य निर्माण से लेकर उत्तराखंड के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा भी दिया गया, जिससे प्रदेश के विकास के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, कृषि, उद्यान, रोजगार और महिला सशक्तीकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। सीमांत क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय गांवों तक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य केवल राज्य स्थापना का उत्सव मनाना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को राज्य निर्माण के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के योगदान और प्रदेश की विकास यात्रा से परिचित कराना भी है। सम्मेलनों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.