अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा सत्र और त्योहारों के मद्देनजर अल्मोड़ा पुलिस का सत्यापन अभियान जारी है। शनिवार को लमगड़ा थाना पुलिस ने जलना क्षेत्र में अभियान चलाकर बिना पुलिस सत्यापन के मजदूर रखने पर एक ठेकेदार का उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत 5 हजार रुपये का नकद चालान किया। इस दौरान क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन की भी जांच की गई। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान लगातार चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और लमगड़ा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान में चैंती चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और पुलिसकर्मी शामिल रहे। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों और किरायेदारों को रखने से पहले उनका अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। बिना सत्यापन के किसी को रखने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


