अल्मोड़ा। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत अल्मोड़ा पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी टीम ने 6.11 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 1.83 लाख रुपये बताई गई है। सोमवार को प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में एसओजी टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान आईटीआई गेट के सामने रोड से खत्याड़ी जाने वाले मार्ग पर एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान विरेन्द्र लाल उर्फ विक्की, उम्र 26 वर्ष, पुत्र पूरन लाल, निवासी खत्याड़ी, थाना व जिला अल्मोड़ा के रूप में की। आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 108/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला और कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे।


