Latest Posts

भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत


हरिद्वार। लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले का एक परिवार स्कॉर्पियो से लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। परिवार के सात सदस्य समारोह में शामिल होने के बाद देर रात स्कॉर्पियो से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी 35 वर्षीय बहन निशा, 37 वर्षीय बहन राखी और आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे की खबर परिवार के अन्य सदस्यों और परिचितों तक पहुंचते ही कोहराम मच गया।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहनों की आमने-सामने की टक्कर को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर मिट्टी से भरे डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। कई बार क्षमता से अधिक मिट्टी लेकर चलने वाले वाहनों के कारण भी सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से सड़क पर मिट्टी से भरे डंपरों की नियमित जांच कराने, उनकी गति पर नियंत्रण रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भारी वाहनों की रफ्तार और संचालन पर प्रभावी निगरानी नहीं की गई तो भविष्य में भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.