रुद्रपुर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली विश्वविद्यालय, भरसार की छात्रा मधु यादव की मौत के मामले में विधायक तिलकराज बेहड़ ने मंगलवार को देहरादून में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने उपचार में लापरवाही के आरोपों की जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक बेहड़ ने बताया कि पंतनगर हॉस्पिटल कॉलोनी निवासी रामनिवास यादव की पुत्री मधु यादव की मां सुनीता यादव ने उन्हें शिकायती पत्र देकर उपचार के दौरान गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त की रात मधु की तबीयत बिगड़ी थी।29 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पौड़ी में फिजिशियन उपलब्ध नहीं होने पर अन्य चिकित्सक ने उन्हें दवा दी। हालत बिगड़ने पर रात करीब 8:30 बजे उन्हें जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि सांस लेने में परेशानी के बावजूद वहां समुचित उपचार और ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद मधु को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया, जहां वह 30 अगस्त की सुबह करीब छह बजे पहुंचीं। वहां भी उन्हें तत्काल उपचार और ऑक्सीजन की सुविधा नहीं मिल सकी। हालत गंभीर होने पर करीब 11 बजे उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मधु की मौत हो गई। बेहड़ ने मुख्य सचिव से चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ, विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता और छात्राओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच कराने को कहा। बेहड़ ने कहा कि होनहार छात्रा की मौत अत्यंत दुखद है।


