Latest Posts

आस्था के महापर्व जागड़ा की पूरे जौनसार-बावर में रही धूम


विकासनगर। महासू धाम हनोल में रविवार को लूंग चढ़ाने से शुरू हुए आस्था के महापर्व जागड़ा की सोमवार को पूरे जौनसार-बावर में धूम रही। क्षेत्र के महासू मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। चारों ओर महासू महाराज के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु टोलियों में महासू वंदना और हारुल गाते हुए मंदिरों में पहुंचे। जागड़ा पर्व के दूसरे दिन महासू मंदिर थैना, टुंगरा, पंचरा, भंजरा, कोटी, कोटूवा, अष्टि, कोरवा, क्वारना, टगरी, बुरास्वा समेत विभिन्न गांवों में श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति की त्रिवेणी देखने को मिली। हजारों श्रद्धालुओं ने अपने ईष्ट देव के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। सभी मंदिरों में देव लग्न के अनुसार देव पालकियों और निशानों को देव नायणी (देव स्नान) के लिए बाहर निकाला गया।
पालकियों और निशानों के बाहर आते ही श्रद्धालुओं की भीड़ देव दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। इस दौरान कई श्रद्धालुओं पर देवता अवतरित हुए। देव वाद्य यंत्रों की थाप के बीच देव पालकी, डोरिये, निशान और देव चिन्हों को श्रद्धालु देव स्रोतों तक ले गए। यहां विधि-विधान से देव पालकियों को देव स्नान कराया गया। देव स्नान के बाद देव चिह्नों को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया। भक्तों ने देव दर्शन कर मन्नतें मांगीं। मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक हारुल नृत्य कर माहौल भक्तिमय बना दिया। छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर दसऊ में जौनसार-बावर के अलावा हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
लंबे समय से चली आ रही परंपरा
भादो मास में जौनसार-बावर क्षेत्र के आराध्य देव महासू महाराज का जागड़ा पर्व मनाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। आस्था का यह महापर्व क्षेत्र का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। जौनसार बावर में देव पालकियों, देव चिह्नों को देव स्नान कराए जाने की अनूठी परंपरा है। यहां प्रत्येक देवता को परंपरा के तहत निश्चित समय पर देव स्नान कराया जाता है। जौनसार बावर में जागड़ा पर्व की शुरुआत मंगलवार को हुई थी। श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में रात लगाई। जागड़ा पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया श्रद्धालु देव गीतों पर नाचते झूमते रहे उन्होंने मंदिरों के प्रांगण में देव हारुल पर नृत्य भी किया व देवता को नमन कर सुख समृद्धि की कामना की।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.