विकासनगर। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज सोमवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र स्थित पश्मी गांव पहुंचे। उन्होंने न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और उत्तराखंड, हिमाचल समेत देश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि चालदा महासू महाराज जौनसार-बावर और हिमाचल के ट्रांसगिरी क्षेत्र के लाखों लोगों के आराध्य हैं। सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर विकसित कर रही है, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। महासू महाराज की प्रवास यात्रा दसऊ से शुरू होकर करीब 70 किलोमीटर की छह दिवसीय पैदल यात्रा के बाद पश्मी पहुंची।यहां दो करोड़ रुपये की लागत से बने मंदिर में महाराज एक वर्ष के लिए विराजमान हुए हैं।


