अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत भनोली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट की उपस्थिति में आयोजित शिविर में 325 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 235 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि लोगों की ओर से प्राप्त 46 शिकायतों में से 31 का निस्तारण किया गया। इसके अलावा प्रमाण-पत्रों और विभागीय सेवाओं से संबंधित 94 आवेदन एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास, शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि, वन, समाज कल्याण, राजस्व, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, उद्यान, उद्योग, पर्यटन, पुलिस, सैनिक कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही ग्रामीण उद्यम वेग परियोजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी की गई। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीताम्बर पांडे, खंड विकास अधिकारी ममता कार्की, तहसीलदार ज्योति धपवाल, मोहन सिंगवाल, पूरन बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


