हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी गई है। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन रात में भी निरीक्षण कर रहा है। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने आधी रात को विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से काम पूरा कराने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल और भूपतवाला से जटवाड़ा पुल तक पुरानी दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। अपर मेलाधिकारी ने आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए नियमित तृतीय पक्ष जांच कराने पर भी जोर दिया गया। मेला क्षेत्र में निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति पर रोशनाबाद स्थित जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के कंट्रोल रूम और ऑनलाइन माध्यमों से नजर रखी जा रही है। शिफ्टवार रिपोर्ट के आधार पर कमियां मिलने पर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। मेलाधिकारी ने सभी निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए हैं। इनमें कार्य का नाम, स्वीकृत लागत, शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तिथि तथा संबंधित ठेकेदार और अभियंताओं के संपर्क नंबर दर्ज होंगे। प्रशासन का लक्ष्य सभी निर्माण कार्य समय पर और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरे कराना है।


