Latest Posts

मल्ला महल में जय गोल्ज्यू महोत्सव में दिखेगी विभिन्न राज्यों की संस्कृति


अल्मोड़ा। जय गोल्ज्यू महोत्सव का आयोजन 22 से 28 अक्टूबर तक मल्ला महल में किया जाएगा। महोत्सव में उत्तराखंड के साथ कश्मीर, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और असम सहित विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्कार समिति के सचिव प्रकाश बिष्ट ने बताया कि गोल्ज्यू महाराज के नाम पर आयोजित यह महोत्सव सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का माध्यम है। गोल्ज्यू महाराज के भक्तों के सहयोग से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। समिति का प्रयास है कि हर वर्ष महोत्सव में कुछ नया देखने को मिले। प्रकाश बिष्ट ने बताया कि इस बार महोत्सव में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हास्य और मनोरंजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। तनावपूर्ण जीवन में लोगों को हंसी और मनोरंजन से जोड़ने के उद्देश्य से हास्य कलाकार शंभू शिखर की प्रस्तुति होगी। युवाओं के लिए भी विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव में प्रतिदिन उत्तराखंड की संस्कृति पर आधारित कम से कम एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में बॉलीवुड गायक विकास भारद्वाज, ललित मोहन जोशी और राकेश खानवाल सहित विभिन्न कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। प्रकाश बिष्ट ने बताया कि बच्चों के लिए कवि सम्मेलन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं और महिलाओं की झोड़ा-चांचरी प्रतियोगिताएं भी होंगी। महोत्सव में स्टार गायकों और गायिकाओं की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं महोत्सव के दौरान वरिष्ठ कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 22 अक्टूबर को शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा ड्योढ़ीपोखर से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए मल्ला महल पहुंचेगी। इसमें विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां शामिल होंगी। कहा कि महोत्सव के माध्यम से स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही लोगों को देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। पत्रकार वार्ता में हरीश कनवाल, रवि चौहान, लता तिवारी और शुभम रौतेला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.