Latest Posts

विकासनगर में न्याय यात्रा से कांग्रेस ने दिखाई ताकत, भाजपा सरकार पर साधा निशाना


विकासनगर। भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को विकासनगर और सहसपुर क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली। चकराता विधायक एवं चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बदरीनाथ धाम और राम मंदिर चंदा चोरी मामले में भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा स्वयं को सनातन धर्म और धार्मिक आस्थाओं की सबसे बड़ी हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन यहां श्रद्धालुओं का चढ़ाया भी सुरक्षित नहीं है। विकासनगर के गुरुद्वारा चौक पर यात्रा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां से मुख्य बाजार होते हुए रैली प्रेम प्लाजा पहुंची, जहां सभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, सेलाकुई में टॉस ब्रिज से स्वारना पुल तक निकली यात्रा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही। पार्टी ने यात्रा के जरिए जनसमस्याओं को उठाने के साथ संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक संघर्ष का संदेश देने की कोशिश की। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित यात्रा में पूर्व विधायक एवं यात्रा के सह-प्रभारी जोत सिंह गुनसोला, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और कांग्रेस नेता आर्येंद्र शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। विकासनगर में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। रैली में युवाओं, व्यापारियों और किसानों की भागीदारी रही। सभा को संबोधित करते हुए चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और महंगाई से आम जनता परेशान है। बेरोजगार युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उसके माता-पिता अब भी न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।
विधायक प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया हावी हैं और आम लोगों को सरकारी कामकाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। विकासनगर की स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने डाकपत्थर की जमीन से जुड़े मामले और सीवर परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सरकार को घेरा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.