विकासनगर। भाजपा ने कांग्रेस पर चुनावी हार स्वीकार नहीं करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास फैलाने का आरोप लगाया। सेलाकुई में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि जनादेश सर्वोपरि है और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों का जवाब दिया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह ने बताया कि 22 अक्तूबर से 30 नवंबर तक प्रदेशभर में दो चरणों में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव के दौरान सैनिकों, महिलाओं और संसद में महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर विवादित रुख अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने रामसेतु के मुद्दे पर कांग्रेस के पुराने रुख का भी उल्लेख करते हुए पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाए।विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है और सरकार की आलोचना करना उसका अधिकार है। हालांकि, विरोध के नाम पर हिंसा और अराजकता फैलाने या संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने को उचित नहीं ठहराया जा सकता। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा। मौके पर विधानसभा प्रभारी मधु भट्ट, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरस्वाण, जिला महामंत्री यशपाल सिंह नेगी, अमित डबराल, प्रभाकर भट्ट, दयानंद जोशी, नवीन रावत, जिला मंत्री प्रमोद सिंह, दर्शन रावत, ममता ठाकुर, सिद्धार्थ चौधरी, रवि कश्यप, मदन सिंह मौजूद रहे।


