अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (एसएसजे मेडिकल कॉलेज) अल्मोड़ा के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा शनिवार को ग्रामसभा अथरबनी में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग एनएमसी के मानकों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य एमबीबीएस विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ते हुए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा एवं कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मसरूफ हसन के निर्देशन में संपन्न हुआ। फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के अंतर्गत एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने गांव के परिवारों को गोद लेकर उनका स्वास्थ्य एवं सामाजिक सर्वेक्षण किया। प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा तीन परिवारों को अपनाया गया, ताकि वे परिवारों की स्वास्थ्य स्थिति, स्वच्छता, जीवनशैली और आवश्यकताओं को समझते हुए उचित स्वास्थ्य परामर्श दे सकें। कार्यक्रम के तहत भविष्य में आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है। ग्राम प्रधान विनोद जोशी ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे एक ओर विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का अनुभव मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम में एमबीबीएस प्रथम वर्ष बैच 2025 के कुल 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। आयोजन में ग्राम प्रधान विनोद जोशी का विशेष सहयोग रहा। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से नरेश कुमार आगरी, दीप चंद्र एवं मोहम्मद इकबाल चिकित्सकीय समाज कल्याण अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे।


