अल्मोड़ा। विकसित उत्तराखंड विजन-2047 के तहत अल्मोड़ा जनपद को समग्र, सतत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला विजन-2047 एवं कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के लिए स्पष्ट, मापनीय और समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना तैयार करते समय जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संसाधनों, विकास की संभावनाओं, वर्तमान जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखा जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं और प्रस्तावों की समीक्षा की गई। विभागवार प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों, निर्धारित लक्ष्यों, अवसरों और चुनौतियों के साथ उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों, नवाचारों तथा प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित सूचनाएं शीघ्र पूरी करने और निर्धारित प्रारूप में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागों को आवश्यक विवरण जल्द भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विभागों से प्राप्त सूचनाओं और प्रस्तावों को संकलित कर जिला विजन-2047 तैयार किया जा रहा है। बैठक में परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।


