Friday, February 13, 2026

Latest Posts

समर्थ पोर्टल भर्ती में देरी पर छात्रों का प्रदर्शन, सेंटर में ताला लगाया


अल्मोड़ा। विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल से जुड़ी भर्ती प्रक्रिया में देरी के विरोध में गुरुवार को छात्र नेता रोहित कुमल्टा के नेतृत्व में छात्रों ने कंप्यूटर साइंस विभाग स्थित समर्थ सेंटर पर प्रदर्शन कर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की नियुक्ति समय पर न होने से कार्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसका असर विश्वविद्यालय के संचालन पर पड़ रहा है। छात्रों का कहना था कि फिलहाल एक ही विभाग का स्टाफ पूरे विश्वविद्यालय का समर्थ पोर्टल संभाल रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। उनका आरोप था कि इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के अनुरूप न तो भत्ता दिया जा रहा है और न ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे कर्मचारियों पर दबाव बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लंबित पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि कार्य का बोझ संतुलित हो सके। साथ ही कंप्यूटर साइंस विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों पर डाले गए अतिरिक्त कार्यभार को कम करने की मांग भी उठाई गई। उनका कहना था कि अत्यधिक कार्यभार के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.