रुड़की। पुलिस ने लौटाए खोए 18 मोबाइल लक्सर। कोतवाली पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई। कोतवाली पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन रिकवरी चलाया जा रहा है। इसके तहत खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा रहे हैं। कोतवाली के एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि पुलिस ने सीईआईआर के माध्यम से 18 मोबाइल फोन रिकवर किए हैं, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 3 हजार 562 रुपये है। उन्होंने बताया कि ये मोबाइल फोन उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब आदि राज्यों से बरामद किए गए हैं।


