Saturday, March 7, 2026

Latest Posts

आपदा से निपटने की तैयारी तेज: बागेश्वर में 17 मार्च को होगी व्यापक मॉक ड्रिल


बागेश्वर। जनपद में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से 17 मार्च 2026 को जिला स्तर पर व्यापक आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के समन्वय से होने वाला यह अभ्यास विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपसी समन्वय को परखने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल की अध्यक्षता में जिला सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सभी विभागों को उनके दायित्व स्पष्ट करते हुए निर्देश दिए गए कि अभ्यास के दौरान परस्पर समन्वय और तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके। बैठक में अवगत कराया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि अथवा फ्लैश फ्लड, वनाग्नि तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर काल्पनिक परिदृश्यों के आधार पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने का अभ्यास करेंगी। अपर जिलाधिकारी नबियाल ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का मूल उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को सुदृढ़ करना, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभ्यास से आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता को और अधिक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में एआरटीओ अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जनपद की सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। इस अवसर पर सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए निर्धारित योजना के अनुसार समन्वित ढंग से कार्य करना सुनिश्चित करें।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.