Latest Posts

आजाद समाज पार्टी ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन


रुद्रपुर। सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों की भागीदारी समेत 24 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन समेत अन्य क्षेत्रों में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि आरक्षण सामाजिक और शैक्षणिक वंचना, भेदभाव और अपर्याप्त प्रतिनिधित्व को दूर करने का संवैधानिक माध्यम है।
संगठन ने आरक्षित वर्गों के खाली पदों और बैकलॉग को शीघ्र भरने तथा आरक्षण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की। महिला आरक्षण को 50 प्रतिशत करने, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की गई। इसके अलावा जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने, लोकसभा व विधानसभाओं में ओबीसी को उचित प्रतिनिधित्व देने और राज्यसभा एवं विधान परिषदों में एससी, एसटी व ओबीसी की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अन्य महत्वपूर्ण मांगें:
पार्टी ने उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कॉलेजियम व्यवस्था के स्थान पर उच्च न्यायिक आयोग गठित करने, ओबीसी क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा करने तथा सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण का लाभ देने की मांग भी रखी। ज्ञापन में यूजीसी के उच्च शिक्षा संस्थानों में समता से संबंधित विनियम-2026 को प्रभावी रूप से लागू करने, एससी-एसटी एक्ट के मामलों में पीड़ितों की मुआवजा राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपये करने, सरकारी योजनाओं व बजट में वंचित वर्गों की आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी तथा सरकारी ठेकों और खरीद में एससी, एसटी और ओबीसी को आरक्षण देने की मांग की गई।
निजी क्षेत्र में एससी, एसटी और ओबीसी को प्रबंधन व नेतृत्व स्तर तक उचित प्रतिनिधित्व देने, मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने, केंद्र व राज्य सरकारों में बैकलॉग पद भरने, समूह ‘क’ की भर्तियों में लेटरल एंट्री बंद करने और आउटसोर्सिंग के स्थान पर स्थायी नियुक्तियां करने की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने 2 अप्रैल 2018 के आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने, एनएफएस के नाम पर एससी, एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ होने वाले कथित शोषण को रोकने तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त छात्रावासों का निर्माण करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की।
यहां दौरान आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जीतू गौतम, प्रदेश सचिव गंगा सिंह, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सौरभ गौतम, विजय, रजत, विधानसभा अध्यक्ष गदरपुर टोनी पठान, जलीश, विनीत गौतम समेत आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.