ऋषिकेश। ऋषिनगरी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। त्रिवेणीघाट पर संत-महात्माओं ने हवन कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की। इस दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ पौधरोपण भी किया गया। त्रिवेणीघाट पर 1008 हरिओम महाराज के सानिध्य में हुए 1008 कुंडीय महायज्ञ में संत-महात्माओं के साथ उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, राज्य मंत्री चारु माथुर कोठारी और मेयर शंभू पासवान ने भी यज्ञ में आहुति दी। संतों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, देश की एकता-अखंडता, शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना का अवसर है।ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। संत-महात्माओं ने कहा कि वैदिक परंपरा के अनुरूप आयोजित महायज्ञ में देश और विश्व कल्याण के लिए सामूहिक रूप से आहुतियां समर्पित की गईं।
भाजपाइयों ने पीएम के जन्मदिन किया पौधरोपण:
भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं, इसलिए पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। इस दौरान पीएम के जन्मदिन पर मिठाई बांटकर खुशी जताई गई। भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत भी की। अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत सभी मंडलों में 12 कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा कार्य पहुंचाए जाएंगे। इस मौके पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, दायित्वधारी गिरीश डोभाल, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, पार्षद राजेश कोठियाल, निखिल बर्थवाल, विपिन पंत, पिंकी धस्माना आदि मौजूद रहे।
भाजयुमो ने रक्तदान शिविर लगाए:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो की ओर से जिले के विभिन्न मंडलों में रक्तदान शिविर लगाए गए। इनमें कुल 62 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंदों का जीवन बचाने में मदद मिलती है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने इसे मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया। प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मैन्दोली ने कहा कि युवा शक्ति समाज सेवा की बड़ी ताकत है। जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा ने बताया कि पीएम के जन्मदिवस को सेवा एवं समर्पण के रूप में मनाते हुए सभी मंडलों में शिविर लगाए गए। इस दौरान अंकित नैथानी, पंकज थपलियाल, अनिरुद्ध शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


