हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी गई है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। हरिद्वार(आरएनएस)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर निगरानी तेज कर दी गई है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक, माया देवी मंदिर से गुजरांवाला चौक, शिवमूर्ति चौक और मनसा देवी मार्ग तक सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त और बेतरतीब खड़े पोल हटाने, पैदल आवागमन सुगम बनाने और अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के साथ रात्रिकालीन शिफ्ट में काम, संसाधनों की उपलब्धता और गुणवत्ता की समीक्षा कर रिपोर्ट देने को कहा। निरीक्षण में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में निर्माणाधीन पुल और पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार व फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।


