Latest Posts

चिपको की विरासत और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की जरूरत : बहुगुणा


अल्मोड़ा। चिपको आंदोलन के वरिष्ठ नेता एवं प्रख्यात पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा ने अल्मोड़ा पहुंचकर वन आंदोलन से जुड़े अपने पुराने साथियों से मुलाकात की। मित्र भवन में आयोजित आत्मीय मिलन कार्यक्रम में उन्होंने उत्तराखंड के ऐतिहासिक वन आंदोलन और चिपको आंदोलन की विरासत को याद करते हुए कहा कि इन आंदोलनों के मूल विचार, महत्व और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के बीच निरंतर प्रवाहित रखना समय की जरूरत है। कार्यक्रम में वन आंदोलन से जुड़े साथियों ने राजीव नयन बहुगुणा और रितिक तोमान आशु धिमान का स्वागत किया। इस दौरान पुराने आंदोलनकारी दिनों की यादें साझा की गईं तथा उत्तराखंड के जंगलों, पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधनों और जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। पर्यावरण चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भविष्य में नीतिगत स्तर पर ठोस निर्णय लिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। राजीव नयन बहुगुणा ने कहा कि चिपको आंदोलन केवल पेड़ों को बचाने का आंदोलन नहीं था, बल्कि प्रकृति, समाज और मनुष्य के बीच संतुलित संबंध स्थापित करने की व्यापक वैचारिक पहल थी। इस आंदोलन ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वन आंदोलन से जुड़े विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और इसके मूल उद्देश्यों को जीवित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर राजीव नयन बहुगुणा ने अपनी पुस्तक ‘काजल कोठा’ भी साथियों को भेंट की। पुस्तक भेंट करने के साथ साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक आंदोलनों के परस्पर संबंधों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में रेवती बिष्ट, अधिवक्ता जगत रोतेला, पूरन चन्द्र तिवारी, दयाकृष्ण काण्डपाल, अजय मित्र बिष्ट और निधि बिष्ट सहित अनेक साथी उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.