Latest Posts

नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए चैरिटी कार्यक्रम बनेगा गोर्खाली महिला तीज उत्सव


देहरादून। गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी इस वर्ष तीज उत्सव को सेवा और चैरिटी के उद्देश्य से आयोजित करेगी। आगामी 6 सितंबर को गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में होने वाला तीज उत्सव नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता को समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान नेपाल में प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना, शांति पाठ और मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग ऋषि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में प्रार्थना एवं शांति पाठ का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी की अध्यक्ष माया पंवार ने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस बार तीज उत्सव को महज सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता का माध्यम बनाया गया है। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने का आह्वान किया।
कमेटी के अनुसार, महिंद्रा ग्राउंड में पिछले 20 वर्षों से तीज मेले का आयोजन होता आ रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में गोर्खाली समाज की महिलाएं और परिवार इस आयोजन में हिस्सा लेते हैं। इस बार नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा को देखते हुए उत्सव में सेवा, संवेदना और सहयोग का संदेश प्रमुख रहेगा।
कमेटी ने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचकर आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपना योगदान देंगे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.