Latest Posts

रामनगर-रानीखेत मार्ग पर डंपर खाई में गिरा, चालक की मौत


रानीखेत। रामनगर-रानीखेत मार्ग पर कुमेरिया और सौराल के बीच रविवार सुबह सड़क धंसने से एक डंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने कटर की मदद से वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। भतरौजखान थाने के एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान जसवंत सिंह उर्फ गुड्डू (36), पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गजार, तहसील चौखुटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे वाली जगह पर सड़क धंसने के निशान दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क का हिस्सा धंसने से डंपर का संतुलन बिगड़ा और वह खाई में जा गिरा। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। जसवंत सिंह की मौत की खबर से गजार गांव में शोक की लहर है। बताया गया कि कई वर्ष पहले उनके पिता गोपाल सिंह की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब बेटे की दुर्घटना में जान जाने से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रामनगर-रानीखेत मार्ग लंबे समय से बदहाल है। कई स्थानों पर मार्ग संकरा होने के साथ ही गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण आवागमन मुश्किल बना हुआ है। सड़क की चौड़ाई कम होने से बड़े वाहनों के संचालन में भी दिक्कत होती है। स्थानीय लोग लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण और सुधार की मांग करते आ रहे हैं। रविवार को हुए हादसे ने सड़क की सुरक्षा और चौड़ीकरण की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.