अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को विकास भवन में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के सभी 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनका सम्मान भी किया जाएगा। इस दौरान पोषण आहार और टेक होम राशन वितरण, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा बच्चों की वृद्धि निगरानी जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के माध्यम से बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए इसके उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्रों पर गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


