हरिद्वार। रानीपुर मोड़ क्षेत्र की दुकानों पर जीएसटी विभाग की छापेमारी से आक्रोशित व्यापारियों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। धर्मनगरी में इलेक्ट्रिकल ट्रेड एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान व्यापारियों ने ज्वालापुर तहसील परिसर से चंद्राचन चौक तक विरोध रैली निकाली और जीएसटी विभाग की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग की छापेमारी तुरंत नहीं रोकी गई, तो सोमवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन से जुड़े सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर सरकार को चाबियां सौंप देंगे। रविवार को तहसील से रैली निकाल कर चंद्राचार्य चौक पहुंचे व्यापारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान हरिद्वार इलेक्ट्रिकल ट्रेड एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से पूरे प्रदेश में बिजली के सामान की दुकानों को निशाना बनाकर छापेमारी की जा रही है। जिससे व्यापारियों का सामाजिक उत्पीड़न हो रहा है। आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा शॉर्ट टर्म नोटिस में लाखों रुपये एडवांस टैक्स के नाम पर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। व्यापारी पहले ही मंदी, बारिश, ऑनलाइन व्यापार और ऑनलाइन पेमेंट पर लग रहे चार्जेस की मार झेल रहे हैं। आगामी दीपावली के सीजन से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से व्यापारी परेशान हैं। यदि उत्पीड़न नहीं रुका तो व्यापारी दुकानें बंद करने या चाबी सरकार को सौंपने को मजबूर होंगे। व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिला कर चलता है। व्यापारी देश की आर्थिक रीढ़ है, लेकिन सभी विभाग व्यापारियों को सॉफ्ट टारगेट बना कर उनका दोहन कर रहे है। प्रदर्शन के दौरान ललित गोयल, सुभाष अग्रवाल सुभाष, उमेश अग्रवाल, अजय मित्तल, शगुन गुप्ता, अजय अग्रवाल, विजय शर्मा, प्रभात गुप्ता, शुभम अग्रवाल, कबीर, कमल आहूजा और लोकेश मिगलानी सुमित सैकड़ो व्यापारी मौजूद रहे।
चाबियां सौंपने की चेतावनी दी
महामंत्री सुशांत शर्मा ने कहा कि छापेमारी कर बाजारों में माहौल खराब करना गलत है। चेतावनी दी कि यदि जीएसटी विभाग ने अपनी कार्रवाई तुरंत नहीं रोकी, तो पूरा व्यापारी वर्ग एकजुट होकर इस आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरेगा। विरोध में दुकानों को बंद रखा जाएगा। दुकानों की चाबियां अधिकारियों को सौंप दी जाएंगी।
व्यापारियों को चोर की दृष्टि से नहीं देखे
अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि दिवाली सीजन से व्यापारियों को उम्मीद है। मंदे की मार झेल रहे व्यापारी दिवाली पर अच्छे करोबार की उम्मीद में तैयारी कर रहे हैं। बताया कि व्यापारियों को कारोबार के लिए अपने घर के जेवर तक गिरवी रखने पड़ रहे हैं। व्यापारियों को चोर की दृष्टि से नहीं देखना चाहिए।


