अल्मोड़ा। ग्राम प्रधानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर हवालबाग ग्राम प्रधान संगठन ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। संगठन ने कहा कि प्रधानों की समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन से वार्ता और पत्राचार के माध्यम से समाधान की मांग की जाती रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है। संगठन ने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है जिस पर प्रदेश प्रधान संगठन के आह्वान पर मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में ग्राम प्रधानों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, वार्ड सदस्यों को बैठक भत्ता देने और मानदेय के लिए पृथक फंड की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों को मिलने वाले राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग के अनुदान में वृद्धि, 73वें संविधान संशोधन के अनुरूप ग्राम पंचायतों को 29 विभागों का हस्तांतरण और विधायक-सांसद निधि की तर्ज पर पंचायत निधि गठित करने की मांग उठाई गई। प्रधानों ने 10 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को कार्यदायी संस्था बनाए जाने, सभी ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य बीमा कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वेक्षण में छूटे पात्र परिवारों के नाम ग्राम पंचायतों की आम बैठकों के माध्यम से जोड़ने का अधिकार देने की मांग भी की। संगठन ने कहा कि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ज्ञापन देने वालों में हवालबाग प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा, मंत्री प्रमोद जोशी, अनिल टम्टा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।


