Latest Posts

छात्रसंघ चुनाव को लेकर अल्मोड़ा पुलिस अलर्ट, अतिरिक्त बल और सघन गश्त के निर्देश


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में पुलिस लाइन अल्मोड़ा सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी छात्रसंघ चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सघन गश्त और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक निरोधात्मक और वैधानिक कार्रवाई करने, कस्बा क्षेत्रों में गश्त, पिकेट और रात्रि गश्त बढ़ाने तथा थाना प्रभारियों को सायंकाल अपने क्षेत्रों में सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। रात्रि में अनावश्यक रूप से समूह बनाकर घूमने वाले युवाओं से पूछताछ करने तथा हुड़दंग या नशे में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और जागरूकता के लिए चौपाल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। गोष्ठी में थानेवार पंजीकृत अभियोगों, अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई, अपराधों के निस्तारण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारियों और एसओजी को निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थानों में एमआरएम पोर्टल पर एक-एक कार्मिक नियुक्त करने और एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने तथा आपराधिक या संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। गोष्ठी में उत्कृष्ट पुलिसिंग, गुडवर्क और मानवीय कार्यों के लिए 15 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक अनिल जोशी को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये के ऋण प्रकरण में वांछित अभियुक्त को सुरागरसी-पतारसी के बाद गिरफ्तार करने में किए गए कार्य के लिए ‘एम्प्लॉई ऑफ़ द मंथ’ चुना गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, थाना प्रभारी, एसओजी, साइबर सेल और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.