Latest Posts

उद्योग विभाग के महानिदेशक डॉ. सौरभ गहरवार ने की राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट


देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में उद्योग विभाग के महानिदेशक डॉ. सौरभ गहरवार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में औद्योगिक विकास, उद्यमिता, नवाचार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से राज्यपाल को अवगत कराया।
डॉ. गहरवार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एमएसएमई नीति, स्टार्टअप नीति तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना सहित विभाग की प्रमुख योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता विकास, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन, नवाचार तथा हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में सामने आई विभिन्न सफल पहल एवं सफलता की कहानियों से भी राज्यपाल को अवगत कराया।
राज्यपाल ने एमएसएमई क्षेत्र को देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए इसके सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढ़ने से पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितधारकों तक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर सुधार एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इकोनॉमी, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने इन क्षेत्रों को राज्य के औद्योगिक विकास के प्रमुख फोकस एरिया के रूप में विकसित करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतिगत पहल किए जाने पर जोर दिया।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.