अल्मोड़ा। विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा की अस्पताल संक्रमण नियंत्रण समिति की ओर से जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के कारणों, रोकथाम और संक्रमण नियंत्रण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के पहले दिन चिकित्सकों के लिए एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से संबंधित जागरूकता एवं ज्ञानवर्धक सूचना पत्रकों का वितरण किया गया। एचआईसीसी के सदस्य सचिव डॉ. विक्रांत नेगी और संक्रमण नियंत्रण नर्स सुरेश ने चिकित्सकों को पत्रक वितरित किए। इनमें एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम और संक्रमण नियंत्रण के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीसी पुनेरा, डॉ. उर्मिला पलारिया, डॉ. अमित आर्य, डॉ. सुमित जीना, डॉ. अनिल पांडे, डॉ. गौरव पांडे और डॉ. अंकुर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दूसरे दिन अस्पताल में हैंड हाइजीन जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को हाथों की स्वच्छता के महत्व तथा संक्रमण की रोकथाम में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सुरक्षित और संक्रमणमुक्त स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना है।


