विकासनगर। लोक पंचायत महिला विंग के तत्वावधान में हाई स्कूल बाड़वाला में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन से प्रेरणा लेकर स्वाभिमान और आत्मविश्वास के साथ खड़े होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का प्रारंभ महारानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नाटक, कविताओं और नृत्य के माध्यम से महारानी लक्ष्मी बाई की शौर्य गाथा को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुधा सिंह ने महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान और उनकी वीरता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई केवल एक वीरांगना नहीं, बल्कि भारतीय महिलाओं के अदम्य साहस और स्वाभिमान का प्रतीक हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम की संयोजक शिल्पा राय ने कहा? कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अपने साहस और नेतृत्व से इतिहास रचा। यह दिवस हमें महिलाओं की शक्ति और उनके अधिकारों की याद दिलाता है। महाविद्यालय की सहायक अध्यापिका रुचि जैन ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर विचार व्यक्त किए। मौके पर खुशी, नेहा, एंजल, मनीषा, सपना, खुशी रावत, राशि, ईशू, अमीता, अंजली, प्रीत, आरती, प्रिया, कनिका, अवंतिका आदि उपस्थित रहे।