रुद्रपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के गुरुनानक इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बिजली, पानी, सड़क, राशन कार्ड आदि मूलभूत समस्याओं को लेकर कुल 54 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 51 शिकायतों और समस्याओं का अधिकारियों की उपस्थिति में निस्तारण किया गया। बुधवार को आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में पूर्व सैनिक समिति एवं वार्ड नंबर चार के नागरिकों ने बिजली के पोल हटाने और बढ़े हुए विद्युत बिलों को ठीक कराने की मांग की। ग्राम प्रधान गिधौर ने प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत, ग्राम प्रधान नलई ने सिंचाई नाली बनाने तथा ग्राम प्रधान हरैया एवं ध्यानपुर ने राशन कार्ड का सर्वे कराकर पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने की मांग की।शिविर में समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को 15 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 10 व्हीलचेयर, 20 वॉकर, 20 चेयर विद कमोड और एक विजन इंपेयर्ड किट वितरित की। साथ ही तीन विधवा पेंशन और चार वृद्धावस्था पेंशन के लिए फार्म भराए गए। कृषि विभाग ने सुपर सीडर यंत्र के लिए 1.42 लाख रुपये का चेक और 10 मृदा कार्ड वितरित किए। 15 किसान सम्मान निधि के फार्म भराए गए। बाल विकास विभाग ने एक महालक्ष्मी किट वितरित की। शिविर में 10 लखपति दीदियों को भी सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग ने 30 पशुपालकों को निशुल्क दवा वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 15 लोगों की रक्त जांच और 32 बच्चों का टीकाकरण किया। 10 गर्भवती महिलाओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुर्वेद विभाग ने 125 और होम्योपैथिक विभाग ने 59 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा वितरित की। श्रम विभाग ने छह श्रम कार्ड जारी किए। उद्यान विभाग ने 10 बागवानों को बीज वितरित किए। सेवायोजन विभाग ने 10 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में दो नए आधार कार्ड बनाए गए और 16 आधार कार्ड अपडेट किए गए। यहां पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, श्रीपाल राणा, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्मल, नोडल अधिकारी जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध और मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके सिंह मौजूद रहे।


