Latest Posts

जागेश्वर धाम में बंदरों के आतंक से श्रद्धालु परेशान, निजात दिलाने की उठाई मांग


जागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक पवित्र श्री जागेश्वर धाम में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ने से श्रद्धालु परेशान हैं। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं पर बंदरों के झपटने और काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेष रूप से प्रसाद लेकर मंदिर की ओर जा रही महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को बंदरों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। कई बार बंदर श्रद्धालुओं के हाथ से प्रसाद छीनने के दौरान उन्हें घायल भी कर देते हैं। इससे धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय पुजारियों और दुकानदारों का कहना है कि पिछले कई महीनों से बंदरों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अभी तक वन विभाग या मंदिर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है। मुख्य पुजारी श्री ज्योतिर्लिंग जागेश्वर धाम कैलाशानंद महाराज ने वन विभाग से बंदरों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ने की व्यवस्था करने, मंदिर परिसर में आधुनिक अल्ट्रासोनिक उपकरण लगाने और घायल श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम केवल मंदिर ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा और वन विभाग से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.