विकासनगर। परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों को दुरुस्त नहीं किए जाने समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर डाकपत्थर पीजी कॉलेज में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे छात्रों का आक्रोश बढ़ गया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो छात्र आगामी 12 सितंबर से महाविद्यालय में अनिश्चितकाली तालेबंदी शुरू कर देंगे। इस संबंध में छात्रों ने गुरुवार को प्राचार्य को ज्ञापन भी सौंपा। बता दें कि 31 अगस्त से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मांगों को लेकर डाकपत्थर पीजी कॉलेज में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र संघ अध्यक्ष तुषार कपूर ने कहा कि वर्ष 2014-15 में कला संकाय में अर्थशास्त्र तथा विज्ञान संकाय में जंतु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषय शुरू करने की अनुमति मिलने के बावजूद अब तक पद सृजित नहीं होने के कारण इन विषयों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
इसके साथ ही बीएड पाठ्यक्रम को स्ववित्तपोषित से पूर्णतः सरकारी करने, बीबीए में स्वीकृत सीटों की संख्या बढ़ाने, महाविद्यालय में सफाईकर्मी एवं चौकीदार के पद बढ़ाने तथा एलएलबी और एमबीए पाठ्यक्रम शुरू करने की छात्रों की मांग है। कहा कि लगातार धरना प्रदर्शन के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नही हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्र उग्र आंदोलन को बाध्य हो रहे हैं। अगर कल तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो 12 तारीख से छात्र कॉलेज में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू कर देंगे। इस दौरान धरना-प्रदर्शन में छात्रसंघ सहसचिव खुशी, कोषाध्यक्ष टीना, उपाध्यक्ष नकुल, आदित्य गुरुंग,नकुल एवं पूर्व सचिव राहुल तोमर,राहुल विद्वान,पलक खन्ना, शुभम तोमर, विक्की पवार, करिश्मा, प्रियांशी, अनीश, वंश, आरुषि सृष्टि, विशाल, उस्मान आदि मौजूद रहे।


