रुद्रपुर। धान खरीद का बकाया भुगतान, डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता और ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जिलेभर के किसानों ने कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और तीनों समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने कहा कि वे पहले ही प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती कृषि लागत और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपनी जायज मांगों के लिए सरकारी विभागों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
किसानों ने बताया कि सरकारी केंद्रों पर धान खरीद हुए करीब डेढ़ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक अनेक किसानों को उपज का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने बकाया भुगतान तत्काल कराने और देरी के कारणों की जांच की मांग की। किसानों ने कृषि सीजन में डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकारी खाद केंद्रों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के साथ कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा बाजपुर, काशीपुर और गदरपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निष्पक्ष सर्वे कराकर सभी पात्र किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू, विक्रमजीत सिंह, जगतार सिंह बाजवा, मोहन खेड़ा, अमरीक सिंह, मनजिंदर सिंह भुल्लर, गुरसेवक सिंह मोर, अनिल सिंह राणा, गुरविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह बिल्ला, गुरसेवक नामधारी और तेजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


