Latest Posts

भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर जन्मस्थली खूंट और अल्मोड़ा में हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम


अल्मोड़ा। भारत रत्न एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर उनकी जन्मस्थली खूंट तथा अल्मोड़ा में विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर पौधरोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। खूंट में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का जन्म अल्मोड़ा जनपद में होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सुधार और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया। वक्ताओं ने कहा कि कुली बेगार प्रथा के उन्मूलन, जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। इससे पूर्व अल्मोड़ा स्थित पं. गोविन्द बल्लभ पंत पार्क में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक सुधारों और प्रशासनिक उपलब्धियों को याद किया गया। इस अवसर पर विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर उनके आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, रवि रौतेला, भूपेन्द्र सिंह भोज, ललित पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.