रुद्रपुर। सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस में मंगलवार को महान अभियंता एवं भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में इंजीनियर दिवस मनाया गया। सिविल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘स्मार्ट इंजीनियरिंग फॉर सस्टेनेबल फ्यूचर थ्रू इनोवेशन एंड डिजिटाइजेशन’ रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान प्रबंधन और विभिन्न विभागों के अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। हेड ऑफ इंस्टीट्यूशन ललित सिंह बिष्ट, टी-फार्मेसी प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार, नर्सिंग प्राचार्य डॉ. विवेक त्रिवेदी, इंजीनियरिंग उप प्राचार्य मुकेश कुमार और सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष साहिल छाबड़ा ने अतिथियों, पूर्व छात्रों और विद्यार्थियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में विश्वेश्वरैया के जीवन, अभियंत्रण क्षेत्र में उनके योगदान और आधुनिक तकनीक के महत्व पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, नवाचार और रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न तकनीकी एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्थान के अध्यक्ष राजेश डाबर, वाइस चेयरमैन प्रीत ग्रोवर, प्रबंध निदेशक सीए शिव अरोड़ा, निदेशिका डॉ. सीमा अरोड़ा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वंश डाबर और शौर्य अरोड़ा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


