Latest Posts

परीक्षा परिणामों में त्रुटियों को लेकर धरने दे रहे छात्रों ने कॉलेज के गेट पर जड़ा ताला


विकासनगर। परीक्षा परिणामों में हुई त्रुटियों को दुरुस्त नहीं किए जाने समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में धरना दे रहे छात्रों का गुस्सा भड़क गया। नाराज छात्रों ने पहले नारेबाजी की। बाद में कॉलेज गेट पर ताला जड़कर वहीं धरने पर बैठ गए। गेट पर ताला जड़े जाने से अध्यापक काफी देर तक कॉलेज के अंदर ही फंसे रहे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे प्रशासन की ओर से तहसीलदार विवके राजौरी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बात कर ताला खुलवाया। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है,तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि 31 अगस्त से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मांगों को लेकर डाकपत्थर पीजी कॉलेज में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा परिणामों में सामने आ रही त्रुटियों को जल्द दूर करने के और महाविद्यालय में नए विषयों का संचालन शुरू करने समेत 13 सूत्रीय मांगें उठाई हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में स्नातक स्तर पर कला संकाय में भूगोल, फाइन आर्ट्स, समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र, सैन्य विज्ञान तथा विज्ञान संकाय में कंप्यूटर साइंस विषय शुरू करना शामिल है। इसके अलावा स्नातकोत्तर स्तर पर शिक्षाशास्त्र, संस्कृत, गृह विज्ञान और मानव विज्ञान विषय खोले जाने की मांग कर रहे हैं। छात्र संघ अध्यक्ष तुषार कपूर ने कहा कि वर्ष 2014-15 में कला संकाय में अर्थशास्त्र तथा विज्ञान संकाय में जंतु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषय शुरू करने की अनुमति मिलने के बावजूद अब तक पद सृजित नहीं होने के कारण इन विषयों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसके साथ ही बीएड पाठ्यक्रम को स्ववित्तपोषित से पूर्णतः सरकारी करने, बीबीए में स्वीकृत सीटों की संख्या बढ़ाने, महाविद्यालय में सफाईकर्मी एवं चौकीदार के पद बढ़ाने तथा एलएलबी और एमबीए पाठ्यक्रम शुरू करने की छात्रों की मांग है। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा परिणामों में त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। बताया कि धरना-प्रदर्शन करते हुए छात्रों को गुरुवार को चार दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कारण उन्हें तालाबंदी जैसा कदम उठाना पड़ा। इस दौरान धरना-प्रदर्शन में छात्रसंघ सहसचिव खुशी, कोषाध्यक्ष टीना, उपाध्यक्ष नकुल, आदित्य गुरुंग,नकुल एवं पूर्व सचिव राहुल तोमर,राहुल विद्वान,पलक खन्ना, शुभम तोमर, विक्की पवार, करिश्मा, प्रियांशी, अनीश, वंश, आरुषि सृष्टि, विशाल, उस्मान आदि मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.