Latest Posts

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हाई रिस्क गांवों में एक्स-रे स्क्रीनिंग तेज


अल्मोड़ा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद अल्मोड़ा के हाई रिस्क गांवों में एक्स-रे स्क्रीनिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत के निर्देशन में वर्तमान में भिकियासैंण, हवालबाग, धौलादेवी और ताड़ीखेत ब्लॉकों में एक्स-रे स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही संभावित टीबी रोगियों की बलगम जांच में भी तेजी लाई गई है। जागरूकता अभियान के तहत जिला नोडल अधिकारी एनटीईपी डॉ. दीपक शर्मा, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. प्रांशु डेनियल और डॉ. पूनम भट्ट के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स, आर्मी कैडेट्स, माय भारत वालंटियर्स और जनपद के विश्वविद्यालयों में जाकर टीबी कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। लोगों को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहने पर बलगम की जांच और एक्स-रे स्क्रीनिंग कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। राज्य स्तर से मिले निर्देशों के क्रम में प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच एनसीसी कैडेट्स और पांच माय भारत वालंटियर्स की टीम गठित की गई है। इन टीमों को टीबी कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर टीबी मुक्त भारत अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ इसके प्रचार-प्रसार में सहयोग करेंगी। टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम के तहत जल्द ही जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि अल्मोड़ा जनपद जल्द ही निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अभियान को सफल बनाने में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), बीपीएम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.