Latest Posts

व्यापारियों ने श्रमदान कर चमकाया पुरोड़ी बाजार


विकासनगर। नवीन चकराता पुरोड़ी व्यापार मंडल के तत्वावधान में रविवार को पुरोड़ी बाजार में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने श्रमदान कर बाजार के विभिन्न हिस्सों की सफाई की। इस दौरान दुकानों के आसपास, सार्वजनिक स्थानों और बाजार में बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्र किया गया। व्यापारियों ने स्वयं सफाई में भागीदारी कर स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया। रविवार सुबह व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी एकजुट होकर सफाई अभियान में जुटे। बाजार के अलग-अलग स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर निर्धारित निस्तारण के लिए भेजा गया। पदाधिकारियों ने कहा कि बाजार में प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बाजार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। साफ-सुथरा वातावरण न केवल बाजार की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की कि कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें और अपने प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित सफाई रखें। कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मगरोली वीरेंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष महावीर तोमर, सचिव खजान रावत, युद्धवीर तोमर, दिग्विजय रावत, अभिषेक शर्मा, अरविंद तोमर, आशु चौहान, विवेक रावत और अमित जोशी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.