काशीपुर। सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पिपलिया स्थित बंद पड़े फ्रोजन मटर प्लांट में शनिवार रात हुए अमोनिया गैस रिसाव के मामले में प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को संयुक्त टीम ने प्लांट का निरीक्षण कर सुरक्षा के मद्देनजर अमोनिया गैस वाले पूरे हिस्से को सील कर दिया। साथ ही पाइपलाइनों में बची गैस को सुरक्षित बाहर निकलवाने के लिए विशेषज्ञों को बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार रात ग्राम पिपलिया स्थित जैन फ्रोजन मटर प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। दुर्गंध फैलने पर डायल-112 से सूचना मिलने के बाद सुल्तानपुर पट्टी चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम रुकवा दिया था। तकनीकी जांच के लिए एनडीआरएफ की टीम भी सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची थी। घटना के बाद रविवार को तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान, कारखाना सहायक निदेशक अमनचंद और दोराहा चौकी प्रभारी ने संयुक्त रूप से प्लांट का निरीक्षण किया। तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि जांच में प्लांट पूरी तरह बंद मिला। वहां टीनशेड और अन्य मरम्मत कार्य चल रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत के दौरान पाइप हिलने से उसमें बची अमोनिया गैस का करीब 15 से 20 मिनट तक मामूली रिसाव हुआ था। काम रुकते ही रिसाव थम गया था। तहसीलदार ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्लांट के उस पूरे हिस्से को सील कर दिया गया है, जहां अमोनिया गैस मौजूद थी। दो से तीन दिनों के भीतर डीगैसीफायर विशेषज्ञ को बुलाकर पाइपों में बची पूरी गैस सुरक्षित तरीके से निकलवाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका न रहे। प्लांट में किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।


