Latest Posts

नानकमत्ता में गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में निकला भव्य नगर कीर्तन


रुद्रपुर। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नानकमत्ता की ओर से श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में पंच प्यारों की अगुवाई और अरदास के बाद नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब से हुई। रविवार को शुरू हुए श्री अखंड पाठ साहिब का भोग मंगलवार को पड़ा। अरदास के बाद नगर कीर्तन नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ सायं गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में संगत शामिल हुई। वाहे गुरु के जयकारों से गूंजते नगर कीर्तन में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। धार्मिक जत्थों ने गुरुवाणी से संगत को निहाल किया। महिलाएं आगे चलकर सफाई कर रही थीं। साथ ही जल का छिड़काव और पुष्पवर्षा की जा रही थी। नगर कीर्तन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं गुरुवाणी का गायन करते हुए शामिल हुए। विद्यालयों के बैंड और गतका पार्टियों के करतब आकर्षण का केंद्र रहे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेवादारों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन और पुलिस प्रशासन भी व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। गुरुनानक महाविद्यालय, गुरुनानक इंटर कॉलेज, गुरुनानक अकादमी, गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज, न्यू लाइट स्कूल समेत नगर व आसपास के विद्यालयों के छात्रों ने भागीदारी की। संगत के लिए विभिन्न संस्थाओं की ओर से पकौड़ी, चाय, फल आदि का वितरण किया गया।
धार्मिक दीवान में गुरुओं की महिमा का गुणगान: धार्मिक दीवान में विभिन्न राज्यों से आए धार्मिक जत्थों ने गुरुओं की महिमा का गुणगान किया। भजन सतगुरु नानक प्रगटिया, मिट्टी धुंध जग चानण होआ, नानक नाम जहाज है, जो चढ़े सो उतरे पार, नानक आया नानक आया कल तारण गुरु नानक आया की ध्वनियों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। धार्मिक डेरा कार सेवा के संतों ने पंच प्यारों को सिरोंपा भेंट किया। यहां गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष जोगिन्दर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, सचव हरभजन सिंह डायरेक्टर गुरवंत सिंह, जरनैल सिंह, चरनजीत सिंह, सुखवंत सिंह पन्नू, हरभाग सिंह, प्रबंधक रणजीत सिंह ढिल्लों, सुखवंत सिंह भुल्लर, बलदेव सिंह चीमा, धार्मिक डेरा कार सेवा प्रमुख रवीन्द्र सिंह, बाबा दिलबाग सिंह, बाबा दारा सिंह, हरजीत सिंह, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पालिकाध्यक्ष सितारगंज सुखदेव सिंह, राजपाल सिंह मौजूद रहे।
गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेकने पहुंची हजारों संगत: नानकमत्ता। गुरुपर्व पर तड़के से ही हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचे। पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेका और पंजा साहिब की परिक्रमा कर मन्नतें मांगी। धार्मिक अजायब घर में संगत ने गुरुओं के इतिहास को जाना। लंगर हाल में दिनभर अटूट लंगर बरता। हजारों संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक डेरा कार सेवा में संतो से आशीर्वाद लिया।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.